भाजपा षड्यंत्रकारी, वहां रहकर झूठ की फैक्ट्री का तरीका सीखा’ अब जनता को हकीकत बताऊंगा, सपा में वापसी पर बरसे पूर्व मंत्री हेमराज वर्मा
पीलीभीत। लोकसभा चुनाव से ठीक पहले समाजवादी पार्टी का साथ छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में जाने वाले पूर्व मंत्री हेमराज वर्मा की एक बार फिर अपनी पुरानी पार्टी में ‘घर वापसी’ हो गई है। भाजपा छोड़कर वापस सपा में शामिल होने के बाद बुधवार शाम पांच बजे पीलीभीत स्थित पार्टी कार्यालय पहुंचने पर हेमराज वर्मा का जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान उन्होंने एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए भाजपा पर तीखे हमले किए।
प्रेस वार्ता में हेमराज वर्मा ने भाजपा पर जमकर भड़ास निकाली। उन्होंने भाजपा को एक षड्यंत्रकारी पार्टी करार देते हुए कहा, “मुझे भी षड्यंत्र के तहत ही भाजपा में शामिल किया गया था। मैंने इतने दिन वहां रहकर उनके झूठ बोलने की फैक्ट्री के तौर-तरीके सीखे हैं। अब मैं सपा में रहकर उनके इस झूठ को जनता के बीच उजागर करने का काम करूंगा।” उन्होंने दावा किया कि आगामी चुनावों में भारतीय जनता पार्टी की करारी हार होने वाली है और समाजवादी पार्टी जनहित के मुद्दों पर चुनाव लड़कर निश्चित तौर पर ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी।
इस दौरान हेमराज वर्मा के गले में पड़ा ‘राधे-राधे’ का पटका भी चर्चा का विषय रहा। इस पर उन्होंने स्पष्ट किया कि समाजवादी पार्टी हर धर्म और हर वर्ग का सम्मान करने वाली पार्टी है। उन्होंने ऐलान किया कि वह भाजपा की असलियत और उनके झूठ को जनता के समक्ष रखने के लिए उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों का दौरा करेंगे।
गौरतलब है कि हेमराज वर्मा ने बीते लोकसभा चुनाव से पहले सपा छोड़कर भाजपा का दामन थामा था। उस दौरान उन्होंने पीलीभीत लोकसभा सीट से टिकट की दावेदारी पेश की थी। हालांकि, भाजपा ने उन्हें दरकिनार कर जितिन प्रसाद को मैदान में उतारा था। हेमराज ने उस समय पूरी ताकत से जितिन प्रसाद का चुनाव लड़ाया, लेकिन चुनाव के बाद वह भाजपा की बेरुखी और उपेक्षा का शिकार हो गए। लंबे समय तक हाशिए पर रहने के बाद, जितिन प्रसाद के करीबी होने के बावजूद उन्होंने आखिरकार भगवा खेमे को अलविदा कहकर वापस ‘साइकिल’ की सवारी चुन ली है।
