पीलीभीत में घर से 20 कदम की दूरी पर महिला से चेन स्नैचिंग,CCTV खंगाल रही पुलिस
पीलीभीत शहर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली अवध विहार कॉलोनी में शुक्रवार शाम सरेराह एक महिला के साथ हुई चेन स्नैचिंग की सनसनीखेज वारदात ने इलाके में दहशत फैला दी है। बेखौफ बदमाशों ने इस घटना को शाम करीब 6 बजे उस समय अंजाम दिया, जब महिला अपने बेटे के साथ बाजार से लौट रही थी। इस दुस्साहसिक घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी चिंताएं बढ़ा दी हैं, क्योंकि बदमाश वारदात को अंजाम देकर बड़ी आसानी से फरार होने में सफल रहे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अवध विहार कॉलोनी निवासी जानकी देवी शुक्रवार शाम करीब छह बजे अपने बेटे के साथ बाजार से खरीदारी करके घर वापस आ रही थीं। कॉलोनी के मुख्य गेट पर पहुंचने के बाद बेटे ने अपनी मां को बाइक से वहां उतार दिया और खुद आगे चला गया। जानकी देवी पैदल ही अपने घर की ओर बढ़ रही थीं कि तभी घर से 20 कम की दूरी पर पीछे से एक बाइक पर सवार होकर दो अज्ञात युवक वहां आ धमके। जब तक महिला कुछ समझ पाती, बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने उनके गले पर झपट्टा मारा और झटके से सोने की चेन खींच ली।
अचानक हुए इस हमले से घबराई जानकी देवी ने मदद के लिए शोर मचाना शुरू कर दिया। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग और कॉलोनी वासी तुरंत बाहर दौड़ पड़े। स्थानीय निवासियों ने शोर मचाते हुए बदमाशों का पीछा करने का भी प्रयास किया, लेकिन शाम के समय और बाइक की तेज रफ्तार का फायदा उठाते हुए दोनों आरोपी वहां से रफूचक्कर हो गए।
वारदात की सूचना मिलते ही शहर कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई। पुलिस टीम ने पीड़िता से घटना की विस्तृत पूछताछ की। महिला ने पुलिस को बताया कि बाइक सवार दोनों युवकों ने अपने चेहरे कपड़े से बांध रखे थे, जिससे वे उनका चेहरा नहीं देख सकीं। घटना के तुरंत बाद पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगालना शुरू कर दिया है ताकि आरोपियों के भागने का रूट पता चल सके।
सीओ अमरनाथ वर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही हैं,घटना स्थल के आस पास लगे कैमरे भी चेक किए जा रहे है।
