भतीजे का झगड़ा छुड़ाने पहुंचे चाचा की पीट-पीटकर हत्या: शराब के नशे में आरोपी ने लोहे के कड़े से सिर पर किए ताबड़तोड़ वार; रक्षाबंधन पर देहरादून से आया था परिवार
oplus_8598323200

पीलीभीत के बसंतापुर गांव में रक्षाबंधन की खुशियां मातम में बदल गईं। भतीजे का झगड़ा छुड़ाने पहुंचे 46 वर्षीय रामपाल की गांव के ही एक युवक ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। आरोपी ने शराब के नशे में लाठी-डंडों और हाथ में पहने लोहे के कड़े से चेहरे व सिर पर ताबड़तोड़ वार किए। गंभीर रूप से घायल अधेड़ ने रात में जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गया।
पूरा घटनाक्रम: 4 पॉइंट्स में समझें
- 3 दिन पहले ही गांव आया था परिवार: रामपाल अपने परिवार के साथ देहरादून में रहकर मजदूरी करते थे। रक्षाबंधन का त्योहार मनाने के लिए वह तीन दिन पहले ही पूरे परिवार के साथ अपने गांव बसंतपुर लौटे थे।
- रास्ते में भतीजे को पिटता देख रुक गए: बुधवार शाम करीब 6 बजे रामपाल अपने बेटे सुनील के साथ पीलीभीत शहर से लौट रहे थे। गांव के बाहर बिरजारी लाल की मड़ैया के पास गांव का अनिल उर्फ अमित उनके भतीजे सूरज को बेरहमी से पीट रहा था।
- बीच-बचाव किया तो चाचा पर टूट पड़ा: सूरज को पिटता देख रामपाल ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग करने की कोशिश की। इससे गुस्साए अनिल ने सूरज को छोड़कर रामपाल पर लात-घूंसों से हमला कर दिया। उसने हाथ में पहने लोहे के भारी कड़े से रामपाल के मुंह और सिर पर वार कर लहूलुहान कर दिया।
- बेटे को भी पीटा, फिर हुआ फरार: पिता को बचाने दौड़े सुनील पर भी आरोपी ने हमला बोल दिया। आसपास के ग्रामीणों को आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकला।
अस्पताल में तोड़ा दम, पुलिस जुटी तलाश में
परिजन खून से लथपथ रामपाल को तुरंत जिला अस्पताल ले गए, जहां रात में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
”मृतक के परिजनों की ओर से तहरीर मिल गई है। मुकदमा दर्ज कर शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है, जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा।”
— दिगंबर सिंह, थानाध्यक्ष
